सुखदेव सिंह राज बने अखिल भारतीय कश्यप कहार निषाद भोई समन्वय समिती पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने राजा राम के नेतृत्व में किया पंजाब का अध्यक्ष नियुक्त

सुखदेव सिंह राज को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बाद उनका स्वागत करते हुए राष्ट्रीय टीम के सदस्य
लुधियाना, 19 दिसम्बर 2025 (नरेन्द्र कश्यप) – अखिल भारतीय कश्यप कहार निषाद भोई समन्वय समिती की एक बैठक लुधियाना में सुखदेव सिंह राज के गृह पर आयोजित की गई। इस मीटिंग में राष्ट्रीय संयोजक राजा राम कश्यप, राष्ट्रीय सह संयोजक गुरचरण सिंह कश्यप, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बाल मुकंद, राष्ट्रीय संगठन मंत्री आर.डी. कल्याण, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह सनोत्रा, आल इंडिया कश्यप राजपूत पंजाबी वैल्फेयर सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप भारद्वाज का लुधियाना पहुंचने पर सुखदेव सिंह राज, उनके परिवार और समाज के साथियों ने स्वागत किया। राज राम कश्यप के नेतृत्व में पंजाब की कार्यकारिणी बनाने के बारे में विचार-विमर्श किया गया। गुरचरण सिंह कश्यप सिंह ने बताया कि पिछली कार्यकारिणी का समय समाप्त हो गया है और इसलिए नई कार्यकारिणी का गठन किया जाना है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने इसके लिए लुधियाना के मशहूर इंडस्ट्रीलिस्ट सुखदेव सिंह राज को पंजाब प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया और उन्हें अपनी कार्यकारिणी सदस्य चुनकर उसकी लिस्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजने के लिए कहा। सभी ने माला पहना कर पंजाब प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की और उन्हें बधाई दी। सुखदेव सिंह राज ने यह जिम्मेवारी देने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी का धन्यवाद किया और कहा कि वह अपने समाज के साथियों के साथ विचार करके अपनी कार्यकारिणी बनाएंगे। कार्यकारिणी बनाने के बाद वह लिस्ट राजा राम या गुरचरण सिंह को भेज देंगे। वह संगठन की ओर से दी गई जिम्मेवारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने की पूरी कोशिश करेंगे और पंजाब के समाज को इस संगठन की कार्यशैली और योजनाओं के बारे में बताएंगे।
इस अवसर पर राजा राम कश्यप ने बताया कि यह एक गैर राजनीतिक संगठन है जो पूरे देश में समाज को जोडऩे के लिए काम कर रहा है। इस समय देश के अलग अलग राज्यों में काम करने वाले 200 से ज्यादा संगठन इस समिती के साथ जुड़े हुए हैं और अपनी समस्याओं को इस समिती के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचा रहे हैं। गुरचरण सिंह कश्यप ने कहा कि समिती आगामी मार्च 2026 को दिल्ली में एक बड़ा राष्ट्रीय कार्यक्रम करवा रही है जिसके लिए पूरे भारत में उनकी टीम समाज को जागृत कर रही है। हमारे समाज को देश के अलग अलग राज्यों में विभिन्न नामों से जाना जाता है और केंद्र सरकार तक इनकी आवाज नहीं पहुंचती, इसलिए समिती समाज की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचा रही है।
इस अवसर पर अमर शहीद बाबा मोती राम मेहरा चैरीटेबल ट्रस्ट फतेहगढ़ साहिब के चेयरमैन निर्मल सिंह एस.एस., कश्यप क्रांति पत्रिका के मालिक और पंजाब प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप, बलदेव राज पन्ना, मोरिंडा से महिन्द्र सिंह, चरनदीप सिंह, मंडी गोबिन्दगढ़ से बलजिन्द्र कौर और लुधियाना से अवतार सिंह सनोत्रा शामिल हुए और समाज को एकजुट करने के लिए अपने विचार रखे। सुखदेव सिंह राज ने राष्ट्रीय टीम के आए हुए साथियों को सिरोपा भेंट करके उनका सम्मान किया।

