कश्यप समाज के वरिष्ठ समाज सेवी सोहन लाल कश्यप को अंतिम श्रद्धांंजलि देने उमड़ा जनसैलाब

गरुड़ पुराण का पाठ करते हुए पंडित जी
जालन्धर, 7-2-2026 (मीनाक्षी कश्यप) – कश्यप समाज के वरिष्ठ समाजसेवी सोहन लाल कश्यप को अंतिम श्रद्धासुमन भेंट करने के लिए रिश्तेदार, जानकार, समाजिक व राजनीतिक हस्तियां और कश्यप समाज के साथी शामिल हुए। सोहन लाल कश्यप जो कि 4 फरवरी को स्वर्ग सिधार गए थे उनकी अंतिम रस्म पगड़ी व श्रद्धांंजलि समारोह जालन्धर शहर के बाबा बालक नाथ मंदिर किशनपुरा के हाल में हुआ। पंडित जी ने गरुड़ पुराण का पाठ किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इलाके के पूर्व कौंसलर व मौजूदा कौंसलर के पिता बाल कृष्ण बाली ने सोहन लाल कश्यप को श्रद्धांंजलि भेंट करते हुए उनकी समाजिक सेवाओं के बारे में बताया।
दु:ख की इस घड़ी में परिवार के साथ शोक व्यक्त करने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने के लिए बहुत से परिवार और समाज के साथी शामिल हुए। कश्यप क्रांति पत्रिका के मालिक नरेन्द्र कश्यप व मुख्य संपादक नरेन्द्र कश्यप ने भी परिवार के साथ दु:ख सांझा किया। इनके भाईयों और परिवार को भी इनके बिछुड़ जाने का बहुत दु:ख पहुंचा।

श्रद्धांंजलि समारोह में शामिल विशाल जनसमूह

श्रद्धांंजलि समारोह में शामिल विशाल जनसमूह
अंतिम संस्कार – सोहन लाल जी की सेहत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी और उनका इलाज चल रहा था। 4 फरवरी 2026 को अपने जीवन के अंतिम सांस लेते हुए सोहन लाल स्वर्ग सिधार गए। उनका अंतिम संस्कार 5-2-2026 को किशनपुरा के श्मशानघाट में किया गया जहां पर रिश्तेदार और समाज के बहुत से साथी उनको अंतिम विदाई के लिए पहुंचे।
परिवार – सोहन लाल पांच भाईयों में सबसे बड़े थे। 2 मई 1966 को निर्मल कौर के साथ इनकी शादी हुई। इनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, तीन बेटियां (शादीशुदा) और 3 पौत्र हैं। किशनपुरा चौंक में सबसे पहले इन्होंने वैल्डिंग का काम शुरु किया था और फिर अपने भाईयों को सिखाया और शहर में एक नाम बनाया।
समाज सेवा – सोहन लाल अपने पिता के साथ समाज के कार्यक्रमों में जाते थे। इसी से इनको समाज के साथ लगाव हो गया। पंजाब कश्यप राजपूत सभा के प्रधान देव राज मालड़ा के साथ मिलकर पूरे पंजाब में समाज को जागृत करने के लिए काम किया। जालन्धर कश्यप राजपूत सभा के वह सक्रिय सदस्य रहे। इसके बाद किशनपुरा इलाके में भी सभा बनाई और समाज को जोडऩे का काम किया। सांसद फूलन देवी को पंजाब में लाने और उनका कार्यक्रम करवाने में भी इन्होंने अहम रोल निभाया। जालन्धर में 1990 के दशक में स. करतार सिंह बरकी, दर्शन लाल (तेल वाले), मदन लाल, रमेश सनोत्रा, अवतार सिंह आजाद और कश्यप क्रांति पत्रिका के संस्थापक स्वर्गीय मेजर सिंह के साथ मिलकर इन्होंने समाज सेवा के बहुत से कार्य किए। जालन्धर शहर में समाज के परिवारों की गिनती करने और उनका बायोडाटा लिखने के लिए इन्होंने नरेन्द्र कश्यप का पूरा साथ दिया और समाज को जोड़ा।
हम कश्यप क्रांति पत्रिका और कश्यप राजपूत वैबसाइट की समस्त टीम की ओर से ऐसे नि:स्वार्थ समाज सेवा करने वाले समाज के अपने वरिष्ठ साथी सोहन लाल जी के निधन पर परिवार के साथ शोक प्रकट करते हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वह इनकी आत्मा को अपने चरणों में निवास दे और परिवार को यह दु:ख सहने का शक्ति प्रदान करे।

पिता के अंतिम दर्शन करते समय विलाप करती हुई बेटियां

